आगरा। आगरा नगर निगम की ईटीएफ ने 7.5 टन प्रतिबंधित प्लास्टिक पकड़ी है। इसके बाद खलबली मच गई है।
बता दें कि नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा द्वारा शहरी क्षेत्रों को और बेहतर, सुरूचिपूर्ण एवं सुविधापूर्ण बनाने के साथ नगरीय जीवन की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के प्रयासों के लिए प्रवर्तन दल प्रभारी के रूप में पांच अधिकारियों की तैनाती निगमों में की थी, जिसमें आगरा नगर निगम में सेवानिवृत कर्नल कौशिक की तैनाती की गयी थी। कर्नल कौशिक की टीम ने मंगलवार को गुजरात के सूरत शहर से आगरा लाई जा रही 7.5 टन से अधिक की प्रतिबंधित पॉलीथीन को जब्त कर आगरा नगर निगम के सुपुर्द कर दिया है।
कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक फरार हो गया। प्रवर्तन दल की टीम ने ट्रक मालिक योगेश कुमार को जो आगरा के जलेसर रोड, आंवल खेड़ा गाँव का निवासी है से संपर्क कर मौके पर बुलाया। ईटीएफ टीम प्रभारी कर्नल कौशिक ने बताया कि भारत सरकार की नीतियों के तहत 25 किलो से अधिक पाए जाने वाले प्रतिबंधित प्लास्टिक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाने का प्रावधान है। इस निरीक्षण के परिणाम स्वरूप संबंधित के खिलाफ़ एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है। वहीं प्रतिबंधित पॉलिथीन को जब्त कर आगरा नगर निगम कार्यालय में पहुंचाया गया है।











