आगरा। आगरा कमिश्नरेट की पुलिस को आखिर हो क्या गया है? क्या पुलिस कमिश्नरेट में पुलिसकर्मी अब बेलगाम हो गए हैं? क्या पुलिसकर्मी अब मर्यादा की सारी हदें पार कर रहे हैं? यह सवाल इसलिए खड़े हो रहे हैं क्योंकि पीड़ितों के साथ अमानवीय व्यवहार की बातें सामने आ रही हैं। ताजगंज थाने के तोरा चौकी प्रभारी पर युवक को बेरहमी से पीटने और जबरन थूक चटवाने का आरोप लगा है। मारपीट के वीडियो भी सामने आए हैं। पीड़ित ने पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड से न्याय की गुहार लगाई है। क्या चौकी प्रभारी पर कोई कार्रवाई की जायेगी !यह सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
घटना गुरुवार रात 8:30 बजे की है। पीड़ित कृष्ण कुमार ने बताया कि वह कलाल खेरिया स्थित अपनी मार्केट के पास कुर्सी डालकर बैठे थे। इसी दौरान वहां तोरा चौकी प्रभारी दारोगा आकाश सिंह यादव टीम के साथ अतिक्रमण हटाने आए थे। दुकानदारों ने उनके कहते ही बोर्ड और अन्य सामान हटाना शुरू कर दिया। इसी दौरान दारोगा उनके पास आए। गाली देते हुए वहां बैठने के बारे में पूछा। पीड़ित ने खुद का भाजपा कार्यकर्ता होने और मार्केट का मालिक होने की जानकारी दी गई। इसके बाद दारोगा ने पार्टी का भूत उतारने की बात कहकर अभद्रता शुरू कर दी। बीच बचाव कराने के लिए पिता भूपाल सिंह आए तो उनसे भी गाली- गलौज करने लगे। विरोध करने पर मौके पर ही बुरी तरह पीटा। दारोगा का मन इतने से ही नहीं भरा, उसने कृष्ण कुमार को पकड़ लिया और चौकी के पीछे बने हाल में ले गया। आरोप है कि वहां पीड़ित को थर्ड डिग्री दी गई। जमीन पर थूक कर चाटने को कहा गया। मना करने पर तब तक मारते रहे जब तक उसने थूक कर चाट नहीं लिया।
पीड़ित ने बताया कि दारोगा ने बिना मुकदमा दर्ज किए छोड़ने के बदले कैमरे के सामने उससे अपने पक्ष में बयान बुलवाया। उससे और छुड़ाने आए परिवार और क्षेत्रीय लोगों से पक्ष में बयान लिखवा कर हस्ताक्षर कराए। पीड़ित के शरीर पर चोटों के गहरे निशान पुलिस की बर्बरता बयान करने के लिए काफी हैं। पीड़ित ने घटना के दौरान पुलिस द्वारा मारपीट के सीसीटीवी और मोबाइल से बनाए वीडियो साक्ष्य के तौर पर पुलिस आयुक्त को दिए हैं। पीड़ित के अनुसार अन्य वीडियो दारोगा ने जबरन मोबाइल से डिलीट करवा दिए हैं। डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि मारपीट की शिकायत मिली है। घटना की जांच एसीपी ताजगंज सैय्यद अरीब अहमद को दी गई है। जांच रिपोर्ट में जो दोषी पाया जाएगा। इसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।











