आगरा। सिकंदरा में एक युवक ने दो युवतियों का जीना दुश्वार कर दिया।एक युवती को डंडा मारकर घायल किया। उसके घर पर जाकर फायरिंग भी की। दूसरी ब्यूटी पार्लर संचालिका युवती से छेड़छाड़ की। तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता दहशत में आ गई। उन्होंने कार्रवाई के लिए सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस से गुहार लगाई।
पीड़िता सिकंदरा क्षेत्र की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि वह एक ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। पिछले कई दिन से गांव का सूरज नामक युवक परेशान कर रहा है। आते-जाते पीछा करता है। दुकान के सामने बाइक लेकर आ जाता है। अश्लील हरकत करने लगता है। वह कुछ बच्चों को भी पढ़ाने जाती हैं। तब भी पीछा करके परेशान करता है। आठ अक्तूबर को दोपहर डेढ़ बजे वह दुकान पर काम कर रही थीं। तभी आरोपी सूरज आ गया और घूरने लगा। वह बाहर निकलकर आई। दुकान के बाहर खड़े होने के लिए मना किया। इस पर छेड़छाड़ करने लगा। वह घबरा गई। विरोध पर धमकी दी। कहा कि ऐसा ही करूंगा। किसी में दम है तो रोक के दिखा दो। कुछ देर बाद वहां से चला गया। थोड़ी देर बाद आया तो उसके हाथ में तमंचा लगा था। तमंचा तानकर धमकी। इस पर आसपास के लोग आ गए। वह उन्हें भी जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़ित ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डाला। जिसमें वह पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगा रही थी। पुलिस ने आरोपी सूरज को गिरफ्तार कर जेल भेजा।











