आगरा। ताजनगरी में असली पुलिस की नकली पुलिस से मुठभेड़ हो गई। जिन लोगों से मुठभेड़ हुई वह पुलिस वाले बनकर लोगों से ठगी का काम करते थे। दो लोगों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उनके पास से फर्जी आई कार्ड भी बरामद किए हैं।
डीसीपी सिटी सूरज राय ने पत्रकार वार्ता में बताया लोहा मंडी थाना पुलिस और एसओजी ने टप्पेबाज गिरोह क पांच सदस्यों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। इसमें दो लोगों के पैर में गोली लगी है। यह गिरोह पुलिसकर्मी बनकर राह चलती महिलाओं से ठगी करने में माहिर था। गैंग मध्य प्रदेश और उड़ीसा का है, जो आगरा आकर वारदातों को अंजाम दे रहा था। यह सभी पुलिस का फर्जी परिचय पत्र अपने पास रखते थे। महिलाओं को विश्वास में लेकर उनके पहने हुए गहनों को चोरी होने का डर दिखाकर उन्हें बदल देते थे ।17 दिसंबर को नौबस्ता चौराहे से महिला के कान के कुंडलों को भी इसी तरह उन्होंने साफ किया था। गिरफ्तार लोगों के नाम हाशिम, आसिम, सलीम, मीशन, हसन और मोइन हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी भी मौजूद रहे।











