आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को मथुरा और आगरा आए। आगरा में उन्होंने कहा कि अगले वर्ष तक 20 लाख युवाओं को सरकार रोजगार देगी। उन्होंने यह भी कहा कि दो वर्ष में दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था होगा भारत। बरसाना में उन्होंने फूलों की होली खेली।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार सुबह बरसाना में पहुंचे। यहां के बाद वह सीएम युवा उद्यमी विकास योजना के तहत युवा उद्यमियों को चेक वितरण कार्यक्रम में आगरा के सर्किट हाउस पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवा उद्यमी विकास योजना से युवाओं को मार्जिन मनी के साथ ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए डेढ़ लाख युवाओं ने आवेदन किया है। बैंकों ने 25 हजार स्वीकृत कर दिए हैं। हमारे प्रदेश का युवा अब नौकरी के लिए नहीं भागेगा। युवाओं में कार्य करने का जज्बा है। उनके पास दृष्टि है। जहां दृष्टि है वहां इनोवेशन है। इसके साथ तकनीकी मिलने से प्रदेश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सभी युवा धैर्य से कार्य करें। इस योजना से हम 31 मार्च तक एक लाख युवाओं को धनराशि देने वाले हैं। इसके बाद एक अप्रैल से फिर एक लाख अन्य युवा उद्यमियों को धनराशि दी जाएगी। एक लाख को धनराशि देने का अर्थ है दस लाख रोजगार देना। इस तरह अगले साल तक हम प्रदेश में 20 लाख युवाओं को रोजगार और नौकरी उपलब्ध कराएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 16वीं सदी तक दुनिया की अर्थव्यवस्था में 30 प्रतिशत योगदान भारत का था। विदेशी आक्रांताओं के आने तक भारत सोने की चिड़िया कहलाता था। धन धान्य से संपन्न था। खुशहाल भारत था। विदेशी आक्रांताओं ने भारत को लूटा। आजादी के बाद भी वर्ष 2014 तक भारत दुनिया की 11वीं अर्थव्यवस्था रह गया था। हमें मोदी जी का आभार व्यक्त करना चाहिए, जिन्होंने ऐसी नीति लागू की जिससे देश की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ी।
बरसाना में ही सीएम योगी ने खेली होली
मथुरा। शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरसाना में रंगोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ करने के साथ होली खेली। श्री राधा बिहारी इंटर कॉलेज से एक वीडियो सामने आई, जिसमें मुख्यमंत्री भक्तों के ऊपर पुष्पवर्षा कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाकुंभ के भव्य आयोजन के बाद आज मैं होली की शुभकामनाएं देने और राधा रानी के चरणों में नमन करने बरसाना आया हूं। हमारी ब्रजभूमि भारत के सनातन धर्म की अगाध श्रद्धा की भूमि है और यह हमारा सौभाग्य है कि बाबा विश्वनाथ का धाम काशी, मर्यादा पुरुषोत्तम राम की पावन जन्मभूमि अयोध्या और लीलाधारी श्रीकृष्ण की जन्मभूमि और लीलाभूमि मथुरा, वृंदावन और बरसाना उत्तर प्रदेश में हैं।
सीएम योगी ने मथुरा नगरी में कहा कि यहां का विकास होगा। पूरा विकास होगा। जैसे अयोध्या में, जैसे प्रयागराज में, जैसे काशी में आपको दिखाई दे रहा है। यही विकास आपको मथुरा में दिखाई देगा। संतों को युमना मैया की चिंता रहती थी, मैं आपसे कहने आया हूं कि अब तो दिल्ली में भी रामभक्तों की सरकार आ गई है।












