आगरा। आगरा एसटीएफ यूनिट ने फर्जी मार्कशीट बनाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। वह कई साल से फर्जी मार्कशीट बनाने का काम कर रहा था। कोर्स के हिसाब से पैसे लेकर मार्कशीट बनाकर देता था। उसके पास से बड़ी संख्या में देश के प्रमुख विश्वविद्यालयों की खाली मार्कशीट व मार्कशीट बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।
एसटीएफ प्रभारी हुकुम सिंह ने बताया कि टीम ने बुधवार की रात शाहगंज के अर्जुननगर में रहने वाले धनेश मिश्रा को फर्जी मार्कशीट बनाते हुए गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 942 अंक पत्र व प्रमाणपत्र के अलावा 104 रिक्त अंक पत्र व प्रमाणपत्र 182 हस्त लिखित उत्तर पुस्तिकाएं, चार लैपटॉप, एक प्रिंटर व मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। बरामद किए गए रिक्त अंकपत्र में जेएस विश्वविद्यालय शिकोहाबाद के अलावा नारायन मिथिला विश्वविद्यालय कामेश्वरनगर दरभंगा, जोधपुर राष्ट्रीय विश्वविद्यालय, कांलिगा विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़, विवेकानंद सुभारती यूनिवर्सिटी मेरठ, मंगलायतन यूनिवर्सिटी अलीगढ़ सहित कई अन्य विश्वविद्यालयों के अंक पत्र मिले हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि फर्जी मार्कशीट बनाने का काम पिछले चार साल से कर रहा है। वह ज्यादातर प्राइवेट विश्व विद्यालयों की फर्जी मार्कशीट बनाता है। इसके एवज में वह दो से ढाई लाख रुपये लेता है। उसने चार विश्व विद्यालयों से अनुबंध कर रखा था। वह बच्चों से इन्हीं विवि से फार्म भरवाता था।











