आगरा। ताजगंज क्षेत्र में जालमा हॉस्पिटल के सामने स्थित एक रिजॉर्ट को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरे ई-मेल में रिजॉर्ट के अंदर बम रखे होने का दावा किया गया है। साथ ही ई-मेल में चेतावनी दी गई कि यह बम आठ दिन के भीतर कभी भी फट सकता है। धमकी की सूचना मिलते ही रिजॉर्ट संचालक ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रिजॉर्ट को लेकर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम शुरू कर दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) समेत अन्य जांच टीमें भी रिजॉर्ट में पहुंचीं। टीमों द्वारा परिसर के अंदर और आसपास के स्थानों की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस और जांच टीमों द्वारा रिजॉर्ट के चप्पे-चप्पे को खंगाला जा रहा है। कमरों, हॉल, स्टोर और अन्य संभावित स्थानों की सघन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से टीम किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है। जांच के दौरान संदिग्ध वस्तुओं और स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है। धमकी भरे ई-मेल में बम रखे होने का दावा किया गया है, लेकिन फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और बम निरोधक टीम की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि ई-मेल में दी गई सूचना वास्तविक है या किसी ने दहशत फैलाने के इरादे से धमकी भेजी है। पुलिस अब धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। ई-मेल किस आईडी से भेजा गया, इसे किस सिस्टम या स्थान से भेजा गया और इसके पीछे कौन है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। साइबर टीम की मदद से ई-मेल की तकनीकी जांच कराई जा रही है। आठ दिन के भीतर कभी भी विस्फोट होने की बात लिखे होने के कारण पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है।











