आगरा। जीआईसी में हुई जनसभा के बाद मुख्यमंत्री खेरिया एयरपोर्ट से जब लखनऊ के लिए रवाना हुए तो पायलट को प्लेन में कुछ तकनीकी खराबी महसूस हुई। इसके चलते प्लेन दोबारा खेरिया एयरपोर्ट वापस आ गया। यह सूचना मिलते ही अधिकारी फिर से एयरपोर्ट की ओर दौड़े। मुख्यमंत्री वहां लाउंज में बैठे रहे। काफी देर बाद दूसरा प्लेन आया जिससे वह लखनऊ गए।
आज आगरा में दो कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री भाग लेने के लिए आए थे। शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा के खेरिया एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के 15-20 मिनट बाद ही प्लेन में कुछ खराबी आने पर पायलटों ने प्लेन को फिर से खेरिया एयरपोर्ट पर उतार लिया था। प्लेन में खराबी की सूचना मिलने पर आगरा से लखनऊ तक खलबली मच गई थी। उधर खेरिया एयरपोर्ट पर स्टेट प्लेन के लैंड करने के बाद मुख्यमंत्री एयरपोर्ट के लाउंज में बैठकर इंतजार कर रहे थे। लखनऊ स्तर से आनन-फानन में मुख्यमंत्री योगी के लिए दूसरे विमान का इंतजाम कराया गया। दिल्ली से आये दूसरे प्लेन के खेरिया हवाई अड्डे पहुंचते ही मुख्यमंत्री उससे लखनऊ के लिए प्रस्थान कर गये। स्टेट प्लेन में खराबी के कारण मुख्यमंत्री को 40 मिनट एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा।











