आगरा। जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में मां और बेटी की हत्या के मामले में पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चला है कि गर्भवती पत्नी और सौतेली बेटी की हत्या सिर में भारी वस्तु मारकर की गई थी। इसके बाद गला भी दबाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और गले में चोट के निशान होने की पुष्टि हुई है। पुलिस हत्यारोपी पति की तलाश में दबिश दे रही है।
खतैना मुहल्ले में एक घर में मंगलवार रात सबीना और उनकी आठ वर्षीय बेटी इनाया का शव मिला था। मायके वालों ने पति अब्दुल रशीद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि तीसरे निकाह के पांच माह बाद ही आरोपित ने पत्नी और सौतेली बेटी की हत्या कर दी।
बुधवार को पुलिस ने मां-बेटी के शव का पोस्टमार्टम कराया। जानकारी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और गले में चोट लगने से दोनों की मौत होने की बात कही गई है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि पहले भारी वस्तु से दोनों के सिर पर प्रहार किया गया। इसके बाद गला भी दबाया गया।










