नई दिल्ली। भारत-पाकिस्तान के बीच पिछले कुछ दिनों से जारी तनाव के बीच अब दोनों देश सीजफायर पर सहमत हो गए लेकिन एक बार फिर से पाकिस्तान ने कायराना हरकत की है। पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया है। देश भर में सोशल मीडिया पर लोग काफी आक्रोश प्रकट कर रहे हैं।
आज शाम सेना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि हमने जिम्मेदारी से काम किया। सेना ने कहा कि हमारे हमले से पाकिस्तान को बड़ा नुकसान हुआ। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने शनिवार शाम कहा कि पाकिस्तान के डीजीएमओ ने आज दोपहर 15:35 बजे भारतीय डीजीएमओ को फोन किया। उनके बीच सहमति बनी कि दोनों पक्ष आज शाम 5 बजे से जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे। इस सहमति को लागू करने के लिए दोनों पक्षों को निर्देश दिए गए हैं। वे 12 मई को 12 बजे फिर से बात करेंगे।
भारत और पाकिस्तान के बीच गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई रोकने के लिए दोनों देशों के बीच सीधे तौर पर बातचीत हुई। आज दोपहर पाक डीजीएमओ ने बातचीत की पहल की, जिसके बाद चर्चा हुई और सहमति बनी। किसी अन्य मुद्दे पर किसी अन्य स्थान पर बातचीत करने का कोई निर्णय नहीं हुआ है। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी ऐलान किया था कि भारत-पाकिस्तान सीजफायर पर सहमत हो गए हैं। उसके बाद पाकिस्तान के डिप्टी पीएम इशाक डार ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि दोनों देशों के बीच सीजफायर पर सहमति बन गयी है। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा, “भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ के बीच पिछले कुछ दिनों से चल रही सैन्य कार्रवाई को रोकने के लिए आज शाम एक सहमति बनी। पिछले कुछ घंटों से पाकिस्तान की ओर से इस सहमति का उल्लंघन किया जा रहा है। भारतीय सेना जवाबी कार्रवाई कर रही है और सीमा पर इस घुसपैठ से निपट रही है। यह घुसपैठ बेहद निंदनीय है और इसके लिए पाकिस्तान जिम्मेदार है। हमारा मानना है कि पाकिस्तान को इस स्थिति को ठीक से समझना चाहिए और इस घुसपैठ को रोकने के लिए तुरंत उचित कार्रवाई करनी चाहिए।”











