आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण से अब एनओसी ऑनलाइन मिलेगी। प्राधिकरण के लोगों को चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। एडीए का एनओसी पोर्टल बुधवार को मंडलायुक्त के द्वारा लॉन्च कर दिया गया है।
भवन मानचित्र स्वीकृति या अवैध निर्माण के नियमितीकरण के लिए फरियादी प्राधिकरण के कार्यालय के चक्कर काटते थे। ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित एनओसी पोर्टल- एक डिजिटल समाधान को मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने लॉन्च किया। यह पोर्टल नागरिकों को घर बैठे एनओसी के लिए आवेदन की सुविधा देगा और उसकी पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन ट्रैक की जा सकेगी। सभी संबंधित विभाग इस पोर्टल से जुड़े हैं और ईमेल के जरिए उन्हें सूचित भी किया जाएगा। आवेदन मिलने के बाद 30 दिनों में कार्रवाई अनिवार्य होगी, अन्यथा संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। मंडलायुक्त ने इस मौके पर कहा कि पहले एनओसी प्रक्रिया में कोई स्पष्ट मॉनिटरिंग व्यवस्था नहीं थी, जिससे लोग परेशान रहते थे, लेकिन अब आवेदन, दस्तावेज और फॉलोअप सब कुछ डिजिटल माध्यम से ही संभव होगा। एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुन्मौली ने बताया कि पोर्टल से एनओसी प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी, आमजन को राहत मिलेगी और समय की बचत होगी।











