आगरा। फतेहाबाद थाना क्षेत्र से तीन महीने पहले किडनैप किए गए आठ साल के बच्चे की हत्या कर दी गई। उसके शव को प्लास्टिक के बोरे में बंद कर जमीन में दफना दिया गया। पुलिस ने बच्चे का शव धौलपुर के मनिया से बरामद किया है। बच्चे की हत्या होने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है।
फतेहाबाद क्षेत्र में विजय प्रताप रहते हैं। वह किसान हैं। 30 अप्रैल को उनका बेटा अभय परचूनी की दुकान पर सामान लेने गया था। वापस नहीं आने पर घर वाले घबरा गए। दो दिनों के बाद घर के पास एक चिट्ठी मिली जिसमें लिखा था कि बच्चे को जिंदा चाहते हो तो 80 लाख रुपए का इंतजाम करो। इसके बाद परिवार ने पुलिस को जानकारी दी। विधायक छोटेलाल वर्मा ने भी अधिकारियों से बात की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वह बच्चे को खोज लेंगे। इसके बाद भी पुलिस उसको खोज नहीं पाई। इसी बीच किडनैपर्स ने उनके घर पर चिट्ठी भेज कर फिर से फिरौती मांगी। उसमें लिखा था अगर पैसे नहीं मिले तो बच्चे के हाथ काट देंगे, उसके टुकड़े टुकड़े कर देंगे। परिवार के द्वारा फिर से अधिकारियों से मुलाकात की गई और कहा गया कि काफी समय निकल गया है लेकिन बच्चे का सुराग नहीं लग रहा है। इसके बाद पुलिस ने अपनी पड़ताल तेज की। पुलिस ने शक के आधार पर परचूनी की दुकान चलाने वाले से पूछताछ की। उससे पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल लिया। पुलिस ने उस बच्चे के बारे में पूछा तो उसने बताया कि बच्चे की हत्या कर उसका शव धौलपुर के पास मनिया में हाईवे किनारे खेत के पास तालाब में दफना दिया है। यहां पर पुलिस ने धौलपुर पुलिस के साथ पहुंचकर शव को बाहर निकाल परिजनों को मासूम की हत्या की जानकारी दी। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया है।












