आगरा। आगरा पुलिस ने धर्मांतरण करने वाले एक गिरोह को पकड़ा है। यह आईएसआईएस के मॉड्यूल से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित दस लोगों को गिरफ्तार किया है। लखनऊ में डीजीपी ने पत्रकार वार्ता कर इस गिरोह के बारे में जानकारी दी।
सदर थाना क्षेत्र की रहने वालीं दो युवतियां 24 मार्च को लापता हुई थीं। उनके पिता ने उसी दिन थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बाद में उन्हें जानकारी हुई कि उधमपुर (जम्मू कश्मीर) की साईमा उर्फ खुशबू उनकी बेटियों को धर्मांतरण कराके शादी कराने के लिए बहला फुसला कर ले गई है। आगरा पुलिस ने लापता दोनों बहनों को कोलकाता से बरामद किया। इसके बाद चौंकाने वाला सच सामने आया। सच सामने आने के बाद पुलिस ने छह राज्यों में ताबड़तोड़ दबिश देकर धर्मांतरण कराने वाले इस गिरोह के सरगना समेत 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें गोवा की एक युवती भी है। ये गिरोह आईएसआईएस आतंकी संगठन के मॉडयूल पर काम कर रहा है। इसके प्रतिबंघित संगठन पीएफआई, एसडीपीआई और पाकिस्तान की एजेन्सियों से जुड़े होने के साक्ष्य भी मिले हैं। इस गिरोह को कनाडा, अमेरिका, पाकिस्तान समेत कई देशों से फंडिंग की जा रही थी। डीजीपी राजीव कृष्ण, एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश और आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने शनिवार को पुलिस मुख्यालय में इस गिरोह की कई करतूतों का पूरा खुलासा किया। डीजीपी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर ‘मिशन अस्मिता पर यूपी पुलिस काम कर रही है। इस दौरान ही पता चला कि कनाडा व अमेरिका से भी देश में धर्मांतरण का बड़ा रैकेट चला रहे गिरोह को फंडिंग की जा रही है। इसी दौरान आगरा से 24 मार्च को दो सगी बहनों (33 व 18 वर्ष) के गायब होने की एफआईआर दर्ज हुई। पुलिस जब इस मामले में गम्भीर हुई तो पता चला कि दोनों बहनों को इस्लाम धर्म कुबूल करवा दिया गया है। पुलिस कमिश्नर आगरा दीपक कुमार ने बताया कि गिरोह तक पहुंचने के लिए 50 पुलिसकर्मियों की 11 टीमें बनाई गई। प्रकाश में आए सात अभियुक्तों का गैरजमानती वारंट कोर्ट से लिया गया। इसके बाद ही बंगाल, गोवा, उत्तराखंड, दिल्ली, राजस्थान व यूपी के कई जिलों में इन टीमों ने छापा मारा। इस दौरान ही 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। कोलकाता से दोनों बहनों को भी इनके चंगुल से छुड़ा लिया गया। ये बहनें आगरा के सदर क्षेत्र की रहने वाली हैं। यह गिरोह कम उम्र की लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था। उन्हें व परिवार के कई सदस्यों को कई तरह का लालच देते थे। आगरा पुलिस के मुताबिक लापता होने वालों में बड़ी बहन ने एमफिल किया है। वह 2021 में इनके चंगुल में फंसकर घर छोड़ गई थी।
गोवा की आयशा (एसबी कृष्णा), कोलकाता का अली हसन उर्फ शेखर रॉय, ओसामा, आगरा का रहमान कुरैशी, मुजफ्फरनगर के खालापार का अब्बू तालिब, देहरादून का अबुर रहमान, जयपुर का मो. अली और जुनैद कुरैशी पकड़े गए हैं।











