आगरा। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मंगलवार को पंचकुइयां स्थित जीआईसी मैदान के सामने प्रस्तावित नक्षत्रशाला स्थल का निरीक्षण किया। विभागीय अधिकारियों के साथ पहुंचे कैबिनेट मंत्री ने परियोजना की प्रगति और विकास योजना पर विस्तार से चर्चा की।
योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह नक्षत्रशाला प्रदेश की तीसरी विकसित नक्षत्रशाला होगी। उन्होंने कहा कि इसके निर्माण से विद्यार्थियों को खगोलशास्त्र के रहस्यों को समझने का अवसर मिलेगा, जिससे शैक्षिक पर्यटन को प्रोत्साहन और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।कैबिनेट मंत्री के प्रयासों से लगभग एक वर्ष पूर्व ही पंचकुइयां रोड स्थित जीआईसी फील्ड के सामने नक्षत्रशाला की स्थापना हेतु मंत्रिपरिषद द्वारा निर्णय लिया गया था। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग की भूमि के हस्तांतरण को भी मंत्रिपरिषद से स्वीकृति मिल चुकी है। परियोजना का उद्देश्य है, विद्यार्थियों को विज्ञान और खगोलशास्त्र की जानकारी से परिचित कराना और शैक्षिक पर्यटन को नई दिशा देना।











