आगरा। जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में रविवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल पश्चिम महानगर के नेतृत्व में मंदिरों के समीप संचालित मीट-मांस की दुकानों के विरोध में जोरदार धरना–प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इन दुकानों की जानकारी कई बार पुलिस और प्रशासन को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश बढ़ता गया।
प्रदर्शन के दौरान विहिप प्रांत उपाध्यक्ष सुनील पाराशर और प्रांत संयोजक दिग्विजय नाथ तिवारी ने कहा कि प्रशासन को पहले भी कई बार अवगत कराया गया था, लेकिन अनदेखी के चलते अब सड़क पर उतरना पड़ा। जिला मंत्री प्रदीप शर्मा और सह मंत्री शिवम दुबे ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। धरने में मीडिया प्रभारी आकाश वर्मा, कार्तिक मुद्गल, करन गर्ग, शिवम अग्रवाल, शिवम जैन, वीरू बघेल, हिमांशु, जतिन, दीपक शर्मा, शिवम शर्मा सहित बड़ी संख्या में हिंदूवादी कार्यकर्ता मौजूद रहे।











