आगरा। जीवन मंडी पुलिस चौकी में नाबालिग को थर्ड डिग्री दिए जाने के मामले में अभी तक दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं होने से कुशवाहा समाज आक्रोशित है। डीसीपी सिटी को ज्ञापन देकर अल्टीमेटम दिया गया है कि अगर जल्द मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन होगा।
बता दें कि जीवनी मंडी पुलिस चौकी पर नाबालिग नरेंद्र कुशवाहा को थर्ड डिग्री दी गई। आरोप है दो डंडे उसके तलवों पर तोड़ दिए गए। इसके साथ ही 1800 रुपए भी लूट लिए। मामले में चौकी प्रभारी को निलंबित किया गया है और इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर। मामला मुख्यमंत्री तक भी पहुंच गया है। इधर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं होने से कुशवाहा समाज की एक बैठक बुधवार को हुई। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र कुशवाह ने आरोप लगाया कि जीवनी मंडी चौकी के चौकी इंचार्ज और सहयोगी पुलिसकर्मियों ने निर्दोष नाबालिग नरेंद्र कुशवाह को हिरासत में लेकर उसके साथ बर्बर और अमानवीय व्यवहार किया। पीड़ित के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। राजेंद्र कुशवाह ने कहा कि किशोर किसी भी अपराध में संलिप्त नहीं था, इसके बावजूद उसके साथ क्रूरता की गई। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने धमकी देते हुए उसकी जेब से 1800 रुपये नकद और मोबाइल फोन भी जबरन छीन लिया। घटना के दिन ही समाज के लोगों ने जीवनी मंडी चौकी पर धरना-प्रदर्शन कर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। इस कथित पुलिसिया बर्बरता को लेकर आगरा में व्यापक रोष देखा जा रहा है। कुशवाह समाज का कहना है कि यदि शीघ्र ही दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो ओबीसी इकलाब सेना आंदोलन का रास्ता अपनाने को विवश होगी। समाज ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और पीड़ित नाबालिग को न्याय दिलाने की मांग की है।











