मथुरा। मथुरा उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में रंगोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर बैठक हुई। इसमें गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, ब्रज तीर्थ विकास के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्रा, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, डीआईजी शैलेश पांडे ने अधीनस्थ अधिकारियों को व्यवस्था चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए।
24 फरवरी को बरसाना में फाग आमंत्रण नंदगांव व लडडू होली, 25 फरवरी को बरसाना में लठामार होली, 26 फरवरी को नंदगांव में लठामार होली व गांव रावल में रंग लठामार होली 27 फरवरी को श्री कृष्णजन्म स्थान मंदिर में रंगो की होली, वृन्दावन के श्री बॉके बिहारी मन्दिर में रंगो की होली व मथुरा श्री द्वारिकाधीश मंदिर में कुंज की होली, एक मार्च को गोकुल में छड़ीमार होली, तीन मार्च को चतुर्वेदी समाज का डोला मथुरा तथा होलिका दहन, चार मार्च को धुलेंडी, पांच मार्च को दाऊजी का हुरंगा, मुखराई एवं नन्द गांव का हुरंगा, 6 मार्च को गॉव बठैन का हुरंगा एवं गिडोह का हुरंगा, 9 मार्च को छडीमार होली महावन में, 12 मार्च को श्री रंग जी मन्दिर वृन्दावन में होली का आयोजन होगा।
बरसाना में आयोजित विश्व प्रसिद्ध लडडू होली तथा लठामार होली की तैयारियों के सम्बन्ध में अवगत कराया गया कि मेला क्षेत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजनों से सम्बन्धित मंचों, साज-सज्जा, प्रवेश द्वार, सेल्फी पॉइन्ट आदि का निर्माण एवं लाइव प्रसारण आदि की व्यवस्था पर्यटन विभाग एवं ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा समन्वय स्थापित कर किया जायेगा। रंगोत्सव के अन्तर्गत मथुरा के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर 12 सेल्फी प्वाइंट की स्थापना की जाएगी। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने अवगत कराया कि बरसाना को सात जोन व 18 सेक्टर में विभाजित किया गया है। बैठक में मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने निर्देश दिए कि सभी कर्मचारी एवं अधिकारी श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं दर्शनार्थियों से अच्छा व्यवहार रखें। उन्होंने मिलावटी पदार्थों को नष्ट कराने के निर्देश भी दिए। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्रा ने कहा कि होटल एवं पार्किंग संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें बताएं कि होटल एवं पार्किंग संचालक सभी श्रद्धालुओं से आग्रह करें कि वे अपने जूता-चप्पल होटल या अपनी गाड़ी में उतार कर दर्शन को जाएं। मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप ने निर्देश दिए कि नकली गुलाल बेचने वालों पर सख्त कार्यवाही की जाए। कहीं पर भी नकली गुलाल नहीं बिकना चाहिए। बैठक में महापौर विनोद अग्रवाल, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश, मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन., ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल, ब्रज तीर्थ विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी मदन चंद दुबे आदि शामिल रहे।
बरसाना में आयोजित विश्व प्रसिद्ध लडडू होली तथा लठमार होली की तैयारियों का मंडलायुक्त ने लिया जायजा
बरसाना में आयोजित विश्व प्रसिद्ध लडडू होली तथा लठमार होली की तैयारियों के सम्बन्ध में भी मंडलायुक्त ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि संपूर्ण मेला क्षेत्र लाइटिंग से जगमग होना चाहिए। अवैध होर्डिंग को हटाएं, समस्त ट्रांसफार्मर एवं विद्युत के खंभों पर प्लास्टिक रैपिंग करें।












