आगरा। राइफल शूटिंग की राष्ट्रीय खिलाड़ी को एक फौजी ने सेना में नौकरी लगवाने के नाम पर अपने जाल में फंसा लिया। ब्लैकमेल कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए गए। जगदीशपुरा पुलिस ने आरोपी फौजी को गिरफ्तार कर लिया है।
शहर की रहने वाली राइफल शूटिंग की राष्ट्रीय खिलाड़ी की दो वर्ष पहले एक कैंप के दौरान सदर थाना क्षेत्र के वायु विहार निवासी संदीप कुमार से मुलाकात हुई थी। आरोपित संदीप ने बताया कि वह फौजी है, वर्तमान में पंजाब में तैनात है। आरोपित ने उन्हें भी सेना में भर्ती कराने को कहा। उनका मोबाइल नंबर ले लिया। उनसे लगातार बातचीत करने लगा। आरोपित ने 30 सितंबर 2025 को उससे कहा कि सेना में भर्ती निकली हैं। बहाने से उसे अपने साथ देहरादून लेकर गया। वहां एक होटल में रुका, खाने में नशीला पदार्थ खिला दिया। अर्ध बेहोशी की हालत में दुष्कर्म किया। महिला खिलाड़ी का आरोप है कि संदीप कुमार ने अपने मोबाइल से उसकी आपत्तिजनक वीडियो व फोटो बना लीं। विरोध करने पर खिला़ड़ी के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो इंटरनेट मीडिया में प्रसारित कर दिए। खिलाड़ी द्वारा जगदीशपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कराने पर पुलिस ने मंगलवार को आरोपित फौजी को गिरफ्तार कर लिया।











