आगरा। सैंया थाना क्षेत्र में हुई ऑटो चालक की हत्या कुकर्म का विरोध करने पर की गई थी। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर खुलासा कर दिया है।
14 फरवरी को सैंया क्षेत्र में ऑटो चालक विजयपाल संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। अगले दिन सैंया–इरादतनगर मार्ग पर पुल के पास उसका ऑटो लावारिस हालत में मिला। आसपास तलाश करने पर कुछ दूरी पर उसके कपड़े और चप्पल मिले, जबकि नाले में उसका शव बरामद हुआ। मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए थाना सैंया पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी विष्णु और अमित शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने ऑटो किराये पर लिया था। रास्ते में शराब पीने के बाद चालक के साथ कुकर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और जबरन कपड़े उतार दिए। बाद में उसे धक्का देकर नाले में गिरा दिया और पानी में दबाए रखा, जिससे उसकी मौत हो गई।











