आगरा। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के बाद आगरा में भी प्रदर्शन हुआ। मजार शहीद ए सालिस में ईरान के समर्थन में शिया समुदाय के लोगों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इस्राइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू का पुतला दहन किया। हाथों में खामेनेई की तस्वीर लिए महिलाएं विलाप कर रही थीं। इस बीच पुलिस और प्रदर्शन कारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। लोगों में पाकिस्तान के खिलाफ भी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने अमेरिका मुर्दाबाद, पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए।
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की सूचना मिलते ही न्यू आगरा क्षेत्र स्थित शहीद-ए-सालिस मस्जिद में शिया समुदाय के लोग पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका और इस्राइल के खिलाफ नारेबाजी की। इसी बीच कुछ लोग अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर लगा पुतला बना लाए। इस पर जूते और चप्पलों की माला डली हुई थी। पेट्रोल डालकर पुतले को आग लगा दी गई। पुतला फूंकने के बाद वह मस्जिद से बाहर निकलकर सड़क पर प्रदर्शन के लिए आगे बढ़े पुलिसकर्मियों को उन्हें रोकने के लिए बड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिसकर्मियों ने मस्जिद का गेट बंद कर दिया।











