आगरा। चंबल के बीहड़ों में मंगलवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति पैदा कर दी। थाना बासौनी क्षेत्र के उमरेठा पुरा गांव के पास अज्ञात कारणों से भड़की आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने पहले खुद मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का प्रयास किया, बाद में वन विभाग और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी आग पर काबू पाने में जुटी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय बीहड़ क्षेत्र से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते सूखी झाड़ियां और घास आग की चपेट में आ गईं। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी। ग्रामीणों ने बाल्टियों और ट्यूबवेल के पानी से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन लपटें लगातार बढ़ती रहीं।
सूचना मिलते ही थाना बासौनी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। वन विभाग को भी तत्काल अवगत कराया गया। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। गांव के बुजुर्गों ने बताया कि गर्मी के मौसम में बीहड़ों में अक्सर आग की घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन इस बार आग ने ज्यादा भयावह रूप ले लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने लापरवाही से बीड़ी-सिगरेट फेंकी हो या किसी अन्य कारण से आग भड़क उठी हो सकती है। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम मामले की जांच में जुटी है।











