आगरा। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने UPPSC 2024 भर्ती परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया है। आगरा में तैनात विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट कुंदन किशोर सिंह की बेटी काव्या सिंह सहित कई का चयन हुआ है। चयनित होने वाले सभी अभ्यर्थियों के यहां खुशी का माहौल है। जज कंपाउंड में भी खुशी की लहर है।
इस बार 947 पदों पर भर्ती निकली थी, जिसके लिए प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार परीक्षा हुई। आगरा में तैनात अपर जिला जज कुंदन किशोर सिंह की बेटी काव्या सिंह ने भी इसमें सफलता हासिल की है। काव्या सिंह ने बताया बचपन से ही उनका अधिकारी बनकर जनता की सेवा करने का सपना था। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया है। मां शशि लता ने बताया कि काव्या बचपन से ही पढ़ने में अव्वल थी। उन्हें पूरा भरोसा था एक दिन बिटिया परिवार का नाम रोशन करेगी। रविवार को जब रिजल्ट आया और उसमें उन्होंने बिटिया का नाम देखा तो उनकी व उनके पति की आंखें नम हो गईं। पिता कुंदन किशोर सिंह का कहना था कि आज के दौर में बेटियां किसी से कम नहीं हैं। काव्या ने हाई स्कूल सीएमएस स्कूल लखनऊ, इंटर सेंट पैट्रिक स्कूल आगरा से प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण किया। इसके बाद वह गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी में बीटेक और एमटेक करने के लिए चली गईं। एमटेक की डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने मेरठ यूनिवर्सिटी से लॉ की डिग्री हासिल की। इसके साथ ही UPPSC की तैयारी शुरू कर दी। काव्या की एक बहन और एक भाई और हैं। बहन परिधि सिंह भी सिविल परीक्षा की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही भाई दिव्यांश सिंह ने दसवीं की परीक्षा दी है वह भी पढ़ने में अव्वल है। दोनों भाई बहन रिजल्ट आने के बाद खुशी से झूम उठे और बोले हम भी बड़ी बहन की तरह माता-पिता का नाम रोशन करेंगे। आगरा से हरविंदर सिंह गुर्जर का भी चयन हुआ है। वह जगनेर के रहने वाले हैं। उनके पिता प्रेम सिंह भारतीय सेवा से सेवानिवृत हैं। प्रेम सिंह ने कहा कि आज उनकी मेहनत रंग लाई है। यह सिर्फ हमारे परिवार के लिए ही नहीं बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। गांव के लोगों का उनके घर पर बधाई देने के लिए तांता लगा हुआ है। शास्त्रीपुरम निवासी जैस्मिन वर्मा, बेलनगंज निवासी वैष्णवी शर्मा, दयालबाग निवासी हिमिका ने भी बाजी मारी है। सभी के घर पर जश्न का माहौल है। शाहगंज निवासी कृष्णा त्यागी के चयन पर भी उनके पिता रेवती लाल त्यागी व परिवारीजन अपनी बेटियों पर गर्व महसूस कर रहे हैं। द्वारिका ग्रीन फेस 2 रोहता ग्वालियर रोड निवासी प्रशांत दुबे का भी चयन हुआ है। चयन पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के संगठन मंत्री बृजेश दीक्षित ने उन्हें बधाई दी है।












