आगरा/वृंदावन। वृंदावन में यमुना में हुए हादसे में रविवार सुबह दो और श्रद्धालुओं के शव मिल गए हैं। शनिवार शाम तक 11 शवों को निकाला जा चुका था। अब मृतकों की संख्या 13 हो गई है। अन्य के लिए रेस्क्यू जारी है।
शुक्रवार को नौका विहार के दौरान वृंदावन में यमुना में पैंटून पुल का पीपा टकरा जाने से पंजाब के श्रद्धालुओं से भरी मोटरबोट पलटने के मामले में लगातार पानी में डूबे लोगों की तलाश की जा रही है। इधर सेना का रेस्क्यू जारी है। आज सुबह जो दो लोग मिले हैं उनमें लुधियाना के जगराओं निवासी ऋषभ शर्मा और लुधियाना के ही अर्बन एस्टेट डूगरी निवासी डिंकी बंसल शामिल हैं। हादसे में डिंकी बंसल की मां मीनू बंसल की भी मृत्यु हो चुकी है। उनका शव शुक्रवार को ही निकाल लिया गया था। पुलिस ने मोटरबोट चालक और पैंटून पुल ठेकेदार दोनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। डीएम ने हादसे की जांच एडीएम वित्त डॉक्टर पंकज वर्मा को सौंपी है। रिपोर्ट के आधार पर अन्य दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।











