आगरा। स्मार्ट मीटर के खिलाफ सोमवार को समाजवादी पार्टी ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच में धक्का मुक्की भी हुई।
महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में निकली विरोध रैली में हजारों लोग शामिल हुए और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम व टोरेंट पावर के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। रैली की शुरुआत सांसद रामजी लाल सुमन द्वारा मशाल प्रज्ज्वलित कर की गई। उन्होंने यह मशाल शब्बीर अब्बास को सौंपते हुए आंदोलन को रवाना किया। इसके बाद धौलपुर हाउस से आगे बढ़ते इस जनसैलाब को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग की गई, जिससे कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इस दौरान कई नेता और कार्यकर्ता चोटिल भी हुए। रैली में शामिल लोगों ने टोरेंट पावर और दक्षिणांचल विद्युत निगम लिमिटेड के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता से खुली लूट की जा रही है। जहां पहले 1500 रुपये तक बिजली बिल आता था, वहीं अब उपभोक्ताओं को 3-4 हजार रुपये तक का रिचार्ज करना पड़ रहा है, जबकि यूनिट खपत का कोई स्पष्ट हिसाब नहीं दिया जा रहा।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर प्रणाली गरीब और मध्यम वर्ग के लिए आर्थिक बोझ बन गई है। रिचार्ज खत्म होते ही तुरंत बिजली काट दी जाती है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतों पर सुनवाई न होने और तकनीकी खामियों का खामियाजा भी उपभोक्ताओं को ही भुगतना पड़ रहा है। रैली में विरोध का एक अनोखा तरीका भी देखने को मिला। कार्यकर्ता कागज और गत्ते से बने प्रतीकात्मक स्मार्ट मीटर सिर पर रखकर पहुंचे और कलेक्ट्रेट तक जाने से रोके जाने पर इन्हें वहीं जलाकर अपना गुस्सा जाहिर किया।राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है और जनता का आर्थिक शोषण कर रही है, जिसका समाजवादी पार्टी पुरजोर विरोध करती है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा, राजपाल यादव, डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान, राहुल चतुर्वेदी, नितिन कोहली, पुष्पेंद्र शर्मा, गिरीश चंद्र गोयल, कादिर कुरैशी, राम सहाय यादव, फारूक शेर, नरेंद्र सिंह नंद, आमिर फौजदार, सतीश चाहर, राहुल चौधरी, रवि मेहरा, चौधरी फरहान, अमित यादव, अजीज अब्बास, ईशान अहमद, इमरान कुरैशी आदि उपस्थित रहे।











