आगरा। रकाबगंज क्षेत्र स्थित रावलीपुल पर मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती कार अचानक धू-धू कर जलने लगी। देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार सामान्य रफ्तार से पुल से गुजर रही थी। इसी दौरान वाहन के बोनट से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ। चालक ने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तत्परता दिखाई और तुरंत कार रोककर बाहर निकल आया। चालक के बाहर निकलते ही आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही पलों में कार से तेज लपटें उठने लगीं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना के कारण रावलीपुल पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने यातायात को दूसरे रास्तों से डायवर्ट कर स्थिति को नियंत्रित किया। आग बुझने के बाद क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह कार में शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस और तकनीकी टीम मामले की गहराई से जांच कर रही है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चालक समय रहते कार से बाहर नहीं निकलता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। चालक की सूझबूझ और त्वरित प्रतिक्रिया ने एक संभावित बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।











