आगरा। कागारौल थाना क्षेत्र के नगला परमाल गांव में सोमवार देर रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। चोर दूसरी मंजिल की खिड़की की स्लाइड खोलकर एक घर में दाखिल हुए और अलमारियों से नकदी व जेवर चोरी कर लिए। पहले घर से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद समेत 30 लाख के जेवर और दूसरे घर से 90 हजार रुपये नकद समेत करीब 70 लाख रुपये के जेवर चोरी होने की बात सामने आई है। दोनों घरों से चोरी गए सामान की कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि चोरों ने पहले अशोक चाहर के घर को निशाना बनाया। यहां करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और लगभग 30 लाख रुपये कीमत के जेवरात चोरी होने की बात सामने आई है। इसके बाद चोरों ने पड़ोस के मुकेश चाहर के मकान में धावा बोल दिया। इस घर से करीब 90 हजार रुपये नकद और लगभग 70 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है। पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोर घर की दूसरी मंजिल पर लगी कांच की खिड़की की स्लाइड को खिसकाकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद कमरे में रखी अलमारियों को खोलकर उनमें रखी नकदी और जेवरात निकाल लिए। चोरों ने इस दौरान घर में मौजूद लोगों को भनक तक नहीं लगने दी। परिवार के लोगों के अनुसार, रात में सभी सदस्य एक कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने दूसरे कमरे को निशाना बनाया। अलमारियों से सामान निकालने के बाद चोर पीछे की ओर से खेतों की तरफ निकल गए। पड़ोस के घर में चोरी की जानकारी होने के बाद परिवार के लोगों को भी अपने घर में वारदात का पता चला। दरवाजे खुले मिले और कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। चोरी की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बड़ी मात्रा में नकदी और आभूषण चोरी होने की जानकारी सामने आने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही कागारौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घरों का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों घरों से चोरी हुए सामान में नकदी के अलावा बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण शामिल हैं। परिवारों की ओर से बताए गए आंकड़ों के आधार पर चोरी गए सामान की कीमत करीब एक करोड़ रुपये के आसपास बताई जा रही है। हालांकि, चोरी गए जेवरात और नकदी का वास्तविक मूल्य पुलिस की जांच और पीड़ित परिवारों द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले विवरण के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।










