आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा देशवासियों से किए गए राष्ट्रव्यापी आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सांसद नवीन जैन द्वारा “राष्ट्र प्रथम अभियान” प्रारंभ किया जा रहा है। इसकी रूपरेखा उन्होंने पत्रकार वार्ता कर सामने रखी।
राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने इसे वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में राष्ट्रहित से जुड़ा जनजागरण अभियान बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में खाड़ी देशों में चल रहे तनाव एवं अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का प्रभाव पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक अस्थिरता के कारण आर्थिक, व्यापारिक एवं सामाजिक स्तर पर अनेक चुनौतियां उत्पन्न हो रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने दूरदर्शिता का परिचय देते हुए देशवासियों को राष्ट्रहित में सतर्क एवं जागरूक रहने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक छोटी-छोटी जिम्मेदारियों का पालन करे तो देश बड़ी चुनौतियों का सामना भी मजबूती के साथ कर सकता है। सांसद नवीन जैन ने बताया कि हाल ही में वैश्विक परिस्थितियों एवं उससे उत्पन्न होने वाली संभावित चुनौतियों, ईंधन एवं अन्य राष्ट्रीय विषयों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रहित में कई महत्वपूर्ण आह्वान किए गए हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री द्वारा अपनी सुरक्षा व्यवस्था एवं वाहनों के काफिले में कमी किए जाने पर सांसद नवीन जैन ने उन्हें पत्र लिखकर आग्रह किया है कि वे अपनी सुरक्षा व्यवस्था को पूर्ववत एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप यथावत बनाए रखें। सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का संदेश भी दिया है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति प्रत्येक नागरिक के कर्तव्य एवं संकल्प का प्रतीक होगा। इस अवसर पर मौजूद भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि “राष्ट्र प्रथम अभियान” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के राष्ट्रहित के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम बनेगा। सांसद जैन ने बताया कि 24 मई को शाम 5 बजे से रेलवे स्टेशन पर विशेष जनसंपर्क अभियान आयोजित किया जाएगा। 25 मई को सुबह 11 बजे से कॉलेजों में संपर्क अभियान चलाकर युवाओं और विद्यार्थियों को “राष्ट्र प्रथम” की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा और 27 मई को शाम 5 बजे स्पीड कलर लैब के समीप सांकेतिक उपवास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सांसद नवीन जैन ने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से “राष्ट्र प्रथम अभियान” से जुड़कर राष्ट्रहित के इस जनजागरण अभियान को सफल बनाने की अपील की। प्रेस वार्ता में प्रमुख रूप से युवा नेता वैभव जैन, नितेश शिवहरे, हेमंत भोजवानी, दीपू जादौन, महेश शर्मा, राहुल जैन, पार्षद नीतीश भारद्वाज, हिमांशु मिश्रा, कौशल वशिष्ठ, निशांत लवानियां आदि मौजूद रहे।











