आगरा। रक्षाबंधन पर टोरेंट पावर के कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों ने सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश करते हुए रामलाल वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के साथ त्योहार मनाया। टोरेंट पावर के कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने वरिष्ठजनों के बीच समय बिताकर उन्हें अपनत्व का अहसास कराया और मिष्ठान वितरण कर रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं।
टोरेंट पावर के कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य केवल त्योहारों पर ही नहीं, बल्कि नियमित रूप से रामलाल वृद्धाश्रम का दौरा करते हैं और बुजुर्गों को हर संभव सहायता व सहयोग प्रदान करते हैं। इसी कड़ी में रक्षाबंधन के अवसर पर भी कंपनी के कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य आश्रम पहुंचे और उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय संवाद किया तथा उनकी दिनचर्या व अनुभवों को जाना। कर्मचारियों और उनके परिवारजनों की इस निरंतर पहल से वृद्धाश्रम में कुछ समय के लिए परिवार जैसा माहौल बन गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रक्षाबंधन समारोह रहा। कंपनी की महिला कर्मचारियों ने वृद्धाश्रम में रहने वाले वरिष्ठ पुरुषों की कलाइयों पर राखी बांधी। वहीं, वरिष्ठ महिलाओं ने पुरुष कर्मचारियों को राखी बांधकर स्नेह और भाईचारे का संदेश दिया। इस दौरान वरिष्ठजनों ने टोरेंट पावर के कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों को आशीर्वाद दिया और उनके इस अनूठे प्रयास व नियमित सहयोग की सराहना की। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए भजन और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। मिठाइयों के वितरण के साथ वरिष्ठजनों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान रामलाल वृद्धाश्रम में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान दिखाई दी।











