आगरा। विधानसभा चुनाव 2027 के लिए बसपा ने खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। पार्टी ने ब्राह्मण प्रत्याशी पर दांव लगाया है। नीरज रावत को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
बुधवार को खेरागढ़ के राजमहल गार्डन में एक जनसभा आयोजित कर नीरज रावत को प्रत्याशी घोषित किए जाने की घोषणा की गई। जनसभा में मुख्य मंडल प्रभारी आगरा मंडल प्रताप सिंह बघेल ने खेरागढ़ से नीरज रावत को बसपा प्रत्याशी घोषित किया। दलित, बाह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, मुस्लिम, पिछड़ा वर्ग सहित सर्व समाज से बसपा की सरकार दोबारा से लाने के लिए समर्थन मांगा। मुख्य मंडल प्रभारी विक्रम सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों से महंगाई, बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। बसपा सरकार में आर्थिक रूप से कमजोर सर्व समाज के लोगों के लिए काम किया गया। युवाओं को शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराए गए। आजाद समाज पार्टी का नाम लिए बिना नीला गमछा पहन कर आने वालों की बातों में न आने के लिए कहा। इधर नीरज रावत 2022 में निर्दलीय चुनाव लड़े थे। उन्हें 266 वोट मिले थे। वह अजीजपुर के रहने वाले हैं।










