आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से आज से प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ हुआ। अभियान के शुभारंभ अवसर पर आगरा में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसी क्रम में यमुना आरती स्थल, हाथी घाट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, आयुक्त नगेंद्र प्रताप, जिलाधिकारी मनीष बंसल की उपस्थिति में 15 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से यमुना आरती स्थल जगमगा उठा। इस अवसर पर विधि-विधान से यमुना जी की आरती की गई तथा यमुना को स्वच्छ, निर्मल एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से विश्वकर्मा स्वरोजगार एवं स्वदेशी मेला 2026′ पर आधारित प्रदर्शनी एवं मार्जिन मनी ऋण पोर्टल का शुभारंभ कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को जेपी सभागार खंदारी में देखा व सुना गया। 450 लाभार्थियों को टूलकिट दीं गईं। कार्यक्रम में सांसद फतेहपुर सीकरी राजकुमार चाहर, अध्यक्ष राज्य महिला आयोग डॉ. बबीता सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, विधायक चौधरी बाबूलाल, डॉ. धर्मपाल सिंह, छोटेलाल वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता आदि उपस्थित रहे।










