आगरा। कल शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन के दृष्टिगत निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम, टाटा ग्राउंड सहित अन्य स्थलों का डीएम ने निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा खंड के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा करने आ रहे हैं। इसके अलावा छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम का निरीक्षण तथा पूर्व विधायक छोटेलाल वर्मा को श्रद्धांजलि के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत जनसभा स्थल टाटा ग्राउंड, निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम तथा अन्य स्थलों का डीएम ने निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने जनसभा हेतु उपयुक्त स्थल, पार्किंग व्यवस्था, ट्रैफिक, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित को तदसंबंधी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि आगरा जनपद के सांस्कृतिक पर्यटन की दिशा में निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम ड्रीम प्रोजेक्ट है। वर्तमान में इसका 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। आगामी 15 दिसंबर तक निर्धारित अवधि में इसका शेष कार्य भी पूर्ण हो जाएगा, साथ ही क्यूरेशन का कार्य भी समानांतर रूप से चल रहा है। निरीक्षण में सीडीओ प्रतिभा सिंह, नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य, डीसीपी सिटी रवींद्र कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हेमंत कुमार, अपर जिलाधिकारी(नगर) यमुनाधर चौहान, अपर जिलाधिकारी(वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी(नागरिक आपूर्ति) प्रशांत कुमार, एडीसीपी ट्रैफिक अलका, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, डीसी एनआरएलएम प्रेमचंद, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी राघवेंद्र वर्मा, उपजिलाधिकारी सदर विक्रम राघव सहित अन्य समस्त संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।










