आगरा। आगरा खंड शिक्षक एमएलसी सीट पर रात 9 बजे तक सपा प्रत्याशी डा. आकाश अग्रवाल लगभग 3431 वोटों से बढ़त हासिल कर चुके थे। स्नातक सीट पर बीजेपी आगे चल रही थी।
दोपहर 2.15 बजे पहले राउंड के नतीजे सामने आने के बाद मतगणना किसी कारण रुक गई थी। तीन घंटे बाद शाम 5.15 बजे से दूसरे राउंड की गिनती शुरू हुई है। एमएलसी शिक्षक चुनाव के पहले चरण में सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने 691 वोटों से बढ़त बना ली थी। पहले चरण में 14 हजार वोटों की गिनती हुई। सपा को 5550 वोट मिले थे, वहीं भाजपा प्रत्याशी हरिकिशोर तिवारी को 4859 मत मिले। वहीं स्नातक एमएलसी सीट पर शाम तक मतगणना आरंभ ही नहीं हुई है। बंडल बनाए जाने का काम पूरा कर लिया गया है।
स्नातक एमएलसी में 12 जिलों में 1.80 लाख मतदाता हैं, जिसमें 91800 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। चुनाव में कुल 13 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिनमें भाजपा प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र सिंह और सपा प्रत्याशी शशांक यादव सहित अन्य शामिल हैं। आगरा खंड शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव की मतगणना मंगलवार सुबह नवीन गल्ला मंडी स्थल पर चल रही है। मतगणना को पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए हैं। मंडी परिसर के भीतर और बाहर भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है। एमएलसी स्नातक चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह आगे निकल चुके हैं। रात 10 बजे जारी हुए पहले राउंड के नतीजे में डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह को 5848 वोट हासिल हुए। वहीं सपा प्रत्याशी शशांक यादव उर्फ सीटू 5134 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। निर्दलीय अंबरीश पाल सिंह को 1374 और राहुल राज कुलश्रेष्ठ को 80 वोट मिले हैं। इस राउंड में 928 वोट कैंसिल हुए हैं।










