आगरा। कल चार मई को होने वाले निकाय चुनाव के मतदान के लिए बुधवार को मंडी समिति से सभी पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई हैं। पोलिंग पार्टी रवाना होने के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। मंडी समिति के गेट से एक-एक कर सभी बसें निकाली गई।
पोलिंग पार्टियां सुबह सुबह 8:00 बजे मंडी समिति परिसर में पहुंच गई थीं। इधर जब पोलिंग पार्टियां रवाना हो रही थीं उस समय स्ट्रांग रूम 81 से 85 के बीच में एक सांप निकलने से हड़कंप मच गया।

मौके पर मौजूद सभी लोग वहां से दूर भाग गए। आनन-फानन में वाइल्डलाइफ एसओएस टीम को सूचना दी गई। एक घंटे की मशक्कत के बाद सांप को कब्जे में लिया गया। इसके साथ ही मंडी समिति परिसर में एक व्यक्ति शेरवानी पहन कर दूल्हे की ड्रेस में दिखा। वह बोला कि कल रात ही मेरी शादी हुई है।

मेरी चुनाव में ड्यूटी लग गई है। इसके साथ ही कई महिलाएं अपनी गोद में दो से चार महीनों के बच्चों को लेकर घूम रही थीं। अपर जिलाधिकारी प्रोटोकॉल के द्वारा सभी की ड्यूटी कटवा दी गई। करीब 380 बसों से पोलिंग पार्टियां शाम के 5:00 बजे तक रवाना हुई। पुलिस अपर उपायुक्त प्रोटोकॉल शिवराम यादव, पुलिस अपर उपायुक्त ट्रैफिक अरुण चंद्र, एसीपी कोतवाली सुकन्या शर्मा, एसीपी सत्ता राकेश कुमार सिंह ने बसों को एक-एक कर बाहर निकलवाया।
41 जोन और 128 सेक्टर में बंटा आगरा
जनपद आगरा को 41 जोन और 128 सेक्टर में बांटा गया है। आगरा प्रशासन ने 1515 पोलिंग बूथ, 383 मतदान केंद्रों पर 10 हजार कर्मियों की ड्यूटी लगाई है। ताजनगरी में 100 केंद्र संवेदनशील हैं, जहां अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की गई है। प्रत्येक बूथ पर दो सशस्त्रकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं मतदान केंद्र के 200 मीटर दूरी पर बस्ते लगेंगे। नगर निगम के लिए 14,49,210 शहरवासी मतदान करेंगे। नगर निगम समेत 6 पालिका और 6 नगर पंचायतों के लिए 16,49,310 वोटर्स प्रत्याशियों का भाग्य तय करेंगे। निकाय चुनाव में 30 सेक्शन पीएसी, 2769 सिपाही, 3030 हेड कांस्टेबल, इंस्पेक्टर-दरोगा 643 और 3050 होमगार्ड्स की ड्यूटी लगाई गई है।










