आगरा। मेट्रो रेल कारपोरेशन द्वारा डिपो परिसर में आगरा मेट्रो ट्रेन की टेस्टिंग शुरू कर दी गई है। 700 मीटर लंबे ट्रैक पर आगरा मेट्रो ट्रेनों की टेस्टिंग की जा रही है।
शहर में 30 किलोमीटर लंबा ट्रैक बनाया जा रहा है। कुल 35 ट्रेनों का संचालन होगा। प्राथमिकता वाले कॉरिडोर में 6 ट्रेनें शामिल हैं। प्राथमिकता वाले कॉरिडोर में तीन भूमिगत और तीन एलिवेटेड स्टेशन हैं। यूपी मेट्रो के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा है कि यूपी मेट्रो आगरा वासियों को निर्धारित समय से पहले मेट्रो सेवा प्रदान करने के लिए काम किया जा रहा है। प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहा कि आगरा की मेट्रो ट्रेन अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस है और आगरावासियों के लिए एक सुविधाजनक, सुरक्षित, प्रदूषणमुक्त एवं किफायती यात्रा का साधन होंगी। उन्होंने कहा कि आगरा मेट्रो ट्रेनें थर्ड रेल प्रणाली पर काम करेंगी। इस प्रणाली में पारंपरिक तौर पर प्रयोग होने वाली ओएचई (ओवर हेड इक्युपमेंट) प्रणाली की जगह पर पटरियों के समानांतर एक तीसरी रेल (पटरी) का प्रयोग किया जाता है। ओएचई प्रणाली में ट्रैक के ऊपर तारों का प्रयोग किया जाता है। इस प्रणाली में ट्रेनें छत पर लगे पैंटोग्राफ के द्वारा ओएचई लाइन से उर्जा लेकर चलती हैं।











