आगरा। विगत एक वर्ष में जिन वाहन स्वामियों के पांच से ज्यादा चालान हो चुके हैं उन्हें नोटिस देकर चालान निलम्बन की कार्यवाही की जाए। यह निर्देश शुक्रवार को मण्डलायुक्त नगेन्द्र प्रताप ने दिए। मंडल भर में अब इस आदेश के तहत कार्रवाई होगी।
शुक्रवार को मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा हेलमेट, सीटबेल्ट, मोबाइल फोन/ईयर फोन का प्रयोग, गलत दिशा में वाहन चलाना, नशे की हालात में वाहन चलाना, ओवर स्पीडिंग, स्टंटिंग के विरूद्ध की गयी प्रवर्तन कार्यवाही की तुलनात्मक समीक्षा की गयी। हेलमेट, मोबाइल फोन और नशे की हालत में वाहन चलाने के विरूद्ध अभियान में वर्ष 2024-25 की अपेक्षा वर्ष 2025-26 में आगरा और फिरोजाबाद में चालानों की संख्या में कमी हुई जबकि सीटबेल्ट न लगाने, गलत दिशा में वाहन चलाने के विरूद्ध चालान की संख्या में वृद्धि हुई है। विभिन्न अपराधों में किए गये लाइसेंस निलम्बन की समीक्षा की गई। अवगत कराया गया कि मण्डल में अप्रैल से सितम्बर माह तक कुल 520 लाइसेंस निलबिंत किए गये हैं। निर्देश दिए गये कि विगत एक वर्ष में जिन वाहन स्वामियों के पांच से ज्यादा चालान हो चुके हैं उन्हें नोटिस देकर निलम्बन की कार्यवाही की जाए। मथुरा जनपद में लाइसेंस निलम्बन की कम कार्यवाही पर ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग संयुक्त रूप से प्रवर्तन की प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए। तेजी से बढ़ रहे बैटरी चलित ऑटो रिक्शा के कारण लगने वाले जाम की समस्या से निजात को पुलिस उपमहानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय ने निर्देश दिए कि ऐसे वाहन स्वामियों को चिन्हित किया जाए जो कई बैटरी चलित ऑटो, रिक्शा खरीदकर उन्हें विभिन्न रूटों पर किराए पर चला रहे हैं। सिर्फ वैध लाइसेंस वाले ही बैटरी चलित ऑटो, रिक्शा चलायें। उल्लघंन करने पर वाहन स्वामी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत हो, इस हेतु कार्ययोजना तैयार की जाए। इस कार्ययोजना के अन्तर्गत जो कार्यवाही हो उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। मण्डल के चारों जनपदों की सड़क दुर्घटनाओं की अद्यावधिक तुलनात्मक समीक्षा की गयी। विगत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष 2026 सितम्बर तक फिरोजाबाद जनपद में सड़क दुर्घटनाओं एवं मृतकों की संख्या में वृद्धि हुई है। फिरोजाबाद की सड़क सुरक्षा समिति को सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। आयुक्त महोदय द्वारा निर्देश दिए गये कि यातायात नियमों और वाहन चलाते समय दुर्घटना की संभावनाओं के प्रति लोगों को जागरूक बनाने को समय-समय पर अभियान चलाया जाए। मुख्य मार्गों पर पशुओं के आने से बचाव हेतु सड़क किनारे क्रैश बैरियर लगाये जाने के लिए सम्बन्धित विभाग से पत्राचार किया जाए। मंडलायुक्त ने जनपदों में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं का विवरण गूगल शीट पर उपलब्ध कराये जाने हेतु पुलिस तथा परिवहन विभाग को आपसी समन्वय कर डाटा दर्ज करवाने के निर्देश दिए। आई रेड एप में मण्डल में होने वाली प्रत्येक दुर्घटनाओं की फीडिंग डाटा में अंतर को दूर करने के निर्देश दिए। ब्लैक स्पाट की समीक्षा में अवगत कराया गया कि मण्डल के चारों जनपदों में 134 ब्लैक स्पाट चिन्हित किए गये हैं जिनके सुधार को अल्प व दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार कर संबंधित विभागों द्वारा समस्त सड़क सुरक्षा मानकों को पूर्ण किया जा रहा है। आयुक्त ने प्रगतिमान अल्प व दीर्घकालिक सुधार की कार्यप्रगति टाइमलाइन के साथ प्रस्तुत करने के पीडब्लूडी विभाग को निर्देशित किया।











