आगरा। ताज ट्रेपेजियम जोन में हरे पेड़ों की कटाई रुकने का काम नहीं ले रही है। ताजमहल के पास ही पेड़ कट रहे हैं और वन विभाग के अधिकारी सो रहे हैं।
ताजमहल के संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के लिए सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर ताज ट्रेपेजियम जोन बनाया गया है। इसमें आगरा सहित आसपास के क्षेत्रों का करीब 10,400 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र शामिल है। पेड़ों की कटाई के लिए सक्षम प्राधिकारी की अनुमति और निर्धारित प्रक्रिया का पालन जरूरी है। लेकिन आगरा में कई जगह पेड़ काटने के मामले सामने आ रहे हैं। ताज व्यू प्वाइंट के बराबर में स्थित 28वीं वाहिनी पीएसी के कैंप के पास मंगलवार को दो बड़े हरे पेड़ों को काटने का वीडियो वायरल हो रहा है। पेड़ों पर आरी चलाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग, पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि अधिकारियों और स्थानीय दुकानदारों के कहने पर कुछ महिलाओं ने पेड़ों को काटा। देखते ही देखते दो हरे पेड़ों को जमीन पर गिरा दिया गया।










