आगरा। जगदीशपुरा स्थित एक कोचिंग सेंटर के अंदर शुक्रवार दोपहर एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। आशंका जताई जा रही है कि यह शव सेक्टर-7 स्थित शिवालिक स्कूल के गणित शिक्षक ओपी यादव का होने की आशंका है, जो सोमवार से गायब थे। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
शिक्षक ओपी यादव आवास विकास सेक्टर-3 स्थित बीएस प्लाज़ा के भूतल (ग्राउंड फ्लोर) पर छात्रों को गणित की ट्यूशन पढ़ाते थे। सोमवार के बाद से ही उनका मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा था। मंगलवार को जब छात्र पढ़ाई के लिए पहुंचे, तो कोचिंग सेंटर पर ताला लगा मिला।शुक्रवार सुबह जब मार्केट के अन्य दुकानदारों और स्थानीय लोगों को कोचिंग सेंटर के भीतर से तेज दुर्गंध महसूस हुई, तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। अनहोनी की शंका होते ही लोगों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही जगदीशपुरा थाना पुलिस की टीम तुरंत बीएस प्लाज़ा पहुंची और कोचिंग सेंटर का दरवाजा खोलकर जांच शुरू की। अंदर शव काफी हद तक क्षत-विक्षत हालत में मिला, जिससे कई दिनों पुराना होने की आशंका है। चेहरा कीड़े खा गए हैं इसलिए शव की पहचान कपड़ों और अन्य चीजों से की जा रही है।











