आगरा। सोमवार शाम रामबाग फ्लाईओवर से वाटरवर्क्स की ओर जाते समय सड़क पर हादसा हो गया। कार में पीछे से ट्रक ने तेज टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर से कार अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। राहगीरों ने कार सवार को बाहर निकाला। हादसे के चलते लंबा जाम भी लग गया।
सिकंदरा निवासी अभिनव अपनी टाटा नेक्सन कार से फिरोजाबाद से घर लौट रहे थे। रामबाग फ्लाईओवर पार करके वह जैसे ही आगे बढ़ रहे थे पीछे से ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। टक्कर से कार सड़क पर पलट गई। मौके पर जुटे राहगीरों ने काफी प्रयास के बाद कार में फंसे अभिनव को बाहर निकाला। अभिनव को मामूली चोटें आईं हैं। दुर्घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लगा हुआ जाम खुलवाया।











