आगरा। थाना ट्रांस यमुना के नगला मोहनलाल में सोमवार देर रात दो घरों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले रंगबाजों को ट्रांस यमुना थाना पुलिस पकड़ने में फेल साबित हो रही है। इसे लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इधर पीड़ित परिवार दहशत में हैं। उन्हें डर है फिर से दबंग आकर कोई अनहोनी न कर दें।
नगला मोहनलाल निवासी शिया देवी के घर पर दबंगों ने फायर किया था। जब वह आवाज सुनकर बेटे सचिन के साथ बाहर आईं तो तीन युवक बारी-बारी से गोलियां चला रहे थे। मां-बेटे को देखकर हमलावरों ने उनकी तरफ भी फायरिंग की। एक गोली सिर के ऊपर से निकलते हुए दरवाजे को पार कर गई। दोनों ने दरवाजे की आड़ लेकर जान बचाई। इसके बाद हमलावरों ने कुछ दूरी पर स्थित श्यामू के घर को भी निशाना बनाया और कई राउंड फायरिंग कर भाग निकले। आरोपियों का सोशल मीडिया पर धमकी भरा ऑडियो भी वायरल हुआ। इनमें हथियारों का जिक्र करते हुए एक युवक को धमकाने और पूरी रात क्षेत्र में रहने की बात कही जा रही है। मामले में पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज कर लिया लेकिन रंगबाजों को नहीं पकड़ पा रही है। इस वजह से पुलिस से लोगों का भरोसा उठ रहा है। पूर्व में भी ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में रंगबाजों का आतंक कायम रहा है और अभी भी कायम है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि इन दबंगों को पुलिस का खौफ क्यों नहीं है?










