आगरा। आगरा के दयालबाग का रहने वाला एक परिवार अफ्रीका में फंस गया है। कंपनी ने लूट का आरोप लगाते हुए उसका पासपोर्ट छीन लिया है। परिवार ने वीडियो वायरल कर भारत सरकार से वहां से उन्हें भारत में लाने की गुहार लगाई है।
दयालबाग के बसेरा वसंत रेजीडेंसी खासपुर में रहने वाले धीरज जैन पुणे की सदगुरु टूर एंड ट्रैवल्स सर्विसेज कंपनी में एकाउंट एंड फाइनेंस मैनेजर के पद पर तैनात थे। परिवार ने गुरुवार को वीडियो जारी किया है। उसमें वह बोल रहे हैं कि उनकी वेस्ट अफ्रीका के डुआला कैमरून में तैनाती थी। यहां वह पत्नी सुप्रिया जैन व डेढ़ वर्षीय बेटी राघवी के साथ रह रहे हैं। वह विदेश में परिवार सहित फंसे हुए हैं। वीडियो में उनका कहना है कि आए दिन उन्हें धमकियां मिल रही हैं। बेरोजागार होने के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। कंपनी के अधिकारी मकान मालिक पर घर खाली कराने और बिजली काटने के लिए दबाव बना रहे हैं। धीरज जैन ने फोन पर परिजनों को बताया है कि सात सितंबर 2024 को वह कंपनी का 25 लाख रुपये लेकर कार से ड्राइवर के साथ आफिस जा रहे थे। रास्ते में उनका कैश लूट लिया गया। उस समय उन्होंने और ड्राइवर ने कैश लूट का बयान लोकल पुलिस के पास दर्ज कराया था। नवंबर 2024 में वह दो महीने के लिए छुट्टी पर आगरा आ गए। जनवरी 2025 में जब वापस वेस्ट अफ्रीका स्थित कंपनी के आफिस पहुंचे तब तक ड्राइवर ने अपना बयान बदल दिया था। लूट का आरोप उन पर लगाया गया है। कंपनी के अधिकारियों ने नौकरी से निकालने के साथ ही उनका पासपोर्ट और वीजा छीन लिया है। लगातार उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। लूट के पुराने मामलों में फंसाने की धमकी दी जा रही है।











