आगरा। बाह थाना पुलिस की देर रात एक पशु चोर से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 25 हजार का इनाम भी था।
एसीपी बाह राम प्रवेश गुप्ता ने बताया पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश चोरी की योजना बना रहे हैं। चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन को रुकने का इशारा किया, तो उसमें बैठे बदमाशों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि इमरान गाड़ी से कूदकर खेतों की ओर भागा। भागते समय इमरान ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी गोली चलाई, जो इमरान के पैर में जा लगी। इसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। एसीपी ने बताया कि इमरान का आपराधिक इतिहास है और वह बाह, पिनाहट व मनसुखपुरा थाना क्षेत्र में पशु चोरी की कई वारदातों में शामिल रहा है। उसके साथी राजू को पहले ही पकड़ लिया गया था। दोनों ने मिलकर कई बार संगठित चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया।











