आगरा। ताजगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को एएनटीएफ और औषधि विभाग ने एक दुकान पर छापा मारा। यहां पर भारी मात्रा में नारकोटिक दवाओं का जखीरा बरामद हुआ है। इनकी कीमत 40 से 50 लाख रुपए बताई जा रही है। मामले में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
नगला मेवाती में इदरीश नाम के व्यक्ति की दुकान है। एएनटीएफ और औषधि विभाग की टीम को यहां पर भारी मात्राओं में नारकोटिक्स दवाएं होने की सूचना मिली थी। दोनों ने संयुक्त रूप से वहां छापा मारा। बड़ी मात्रा में नारकोटिक्स श्रेणी की दवाएं मिलीं। दवाओं के लिए आवश्यक लाइसेंस की जानकारी करने पर दुकान मालिक इदरीश ने बताया कि ये माल उनके रिश्तेदार का है। रिश्तेदार पप्पू निवासी पक्की सराय बिलाल मस्जिद तीन मई को ये दवा रखकर गया था। टीम ने पप्पू को फोन किया तो नंबर बंद मिला। बिना किसी वैध लाइसेंस के भारी मात्रा में नारकोटिक्स श्रेणी की दवाओं को रखने पर टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी है। नमूना लेने के साथ दवाओं को सीज कर मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।











