आगरा। गुरुवार दोपहर में कोतवाली के किनारी बाजार में चौबे फाटक के सामने एक कारखाने में सिलेंडर फट गया। धमाके से कारखाने में काम करने वाले दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए हैं। धमाका इतना तेज हुआ कि कारखाने की बिल्डिंग भी क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास की दुकानों में झटके लगे।
धमाका होते ही लोगों ने पुलिस और दमकल को आग लगने की सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच गईं। लपटों पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। वहीं इस घटना के बाद बाजार में अफरातफरी मच गई। डीसीपी सोनम कुमार भी पहुंच गए। धमाके में कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। व्यापारियों ने पूरा किनारी बाजार क्षेत्र और चौबे जी का फाटक की सभी दुकानें बंद कर दी हैं। वहीं पूरा सराफा बाजार भी बंद कर दिया गया है। सिलेंडर धमाके के साथ एक जलता हुआ युवक कारखाने की तीसरी मंजिल से नीचे आ गिरा, जिसे लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। वहीं, कारखाने के आसपास लगी दुकानों के सीसीटीवी कैमरे में भी सिलेंडर फटने के झटके रिकॉर्ड हुए हैं।











