आगरा। फेसबुक ब्लॉगर मृतिका रितिका सिंह की मां ने पुलिस पर सही तरीके से जांच नहीं करने के आरोप लगाए हैं। रितिका की मां ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है।
ताजगंज स्थित ओम श्री अपार्टमेंट में फ्लैट नंबर 404 में फैशन ब्लॉगर रितिका सिंह अपने दोस्त विपुल अग्रवाल के साथ लिव इन में रहती थी, उन्होंने पति आकाश गौतम को छोड़ दिया था। 24 जून को उनका पति आकाश गौतम कुछ लोगों को साथ लेकर उनकी हत्या करने के उद्देश्य से फ्लैट पर आया था। इनमें आकाश गौतम, दो महिलाएं और दो युवक थे। इन्होंने रितिका को चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया था। यह सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए थे। पति सहित तीन आरोपियों को पुलिस जेल भेज चुकी है। रितिका की मां मंजू सिंह का कहना है कि रितिका ने 28 मार्च को एसपी फैजाबाद को पत्र लिखकर अपनी हत्या की आशंका जाहिर की थी, लेकिन पुलिस ने कोई भी सुनवाई नहीं की। कोर्ट के आदेश पर टूंडला थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने उसमें फाइनल रिपोर्ट लगा दी। अगर पुलिस सही जांच करती तो आज उनकी बेटी जिंदा होती।











