आगरा। 18 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने सूरसदन प्रेक्षागृह में केंद्र व्यवस्थापकों, जोनल, सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों के साथ विस्तृत ब्रीफिंग कर स्पष्ट निर्देश जारी किए।
ब्रीफिंग के दौरान जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि परीक्षा के दौरान यदि किसी भी परीक्षा केंद्र पर लापरवाही पाई गई तो उसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र व्यवस्थापक की होगी। किसी भी स्तर पर की गई गलती अक्षम्य मानी जाएगी और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध व्यक्तिगत जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि छात्राओं की तलाशी के लिए महिला पुलिस कर्मियों एवं महिला शिक्षिकाओं की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाए। साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, शौचालय और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं।
जनपद में 1.21 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल
जनपद आगरा में इस वर्ष हाईस्कूल परीक्षा में कुल 60,371 छात्र शामिल होंगे, जिनमें 32,556 बालक और 27,815 बालिकाएं हैं। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में 61,551 छात्र, जिनमें 35,415 बालक और 26,136 बालिकाएं सम्मिलित होंगी। इस प्रकार कुल 1,21,922 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में भाग लेंगे।
154 परीक्षा केंद्र, 6 जोन और 15 सेक्टर बनाए गए
अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान ने जानकारी दी कि माध्यमिक शिक्षा परिषद, उ.प्र., प्रयागराज द्वारा संचालित वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक आयोजित होगी। परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए जनपद के 154 परीक्षा केंद्रों को 6 जोन और 15 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इसके अंतर्गत 6 जोनल मजिस्ट्रेट, 15 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 172 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा 18 अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।










