आगरा। मोटी चेन मोटा पैसा कोई दिखा दो हमारे जैसा, छोरी चिल्लावे पैसा ही पैसा। इस गाने पर बनी रील सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। रील में कार के डैश बोर्ड पर 500-500 के नोटों की गड्डियां बिखरी पड़ी थीं। गुरुवार को यह शिनाख्त की गई है कि यह कार किसकी है। कार एक दरोगा की थी। उसे निलंबित किया गया है। दरोगा ने मौखिक बयान में कहा है कि कार थाना प्रभारी के कारखास लेकर गए थे। रील उन्होंने बनाई। पूरे प्रकरण की जांच एसीपी फतेहाबाद को सौंपी गई है।
बता दें कि सोशल मीडिया पर वायरल रील में कार में 500-500 की नौ गड्डियां दिख रही हैं। यह रील सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इस रील को लेकर थाना क्षेत्र में चल रही चर्चाएं हैरान कर देने वाली हैं। रील वायरल होने के बाद पूर्व में शमसाबाद थाने में तैनात रहे दरोगा नितिन बढ़ाना को निलंबित किया गया है। वर्तमान में वह बासौनी थाने में तैनात हैं। अक्तूबर में ही दरोगा को पहले थाना डौकी उसके बाद वहां से बासौनी थाने ट्रांसफर किया गया था। गुरुवार को रील वायरल होने की खबर पर अधिकारियों ने संज्ञान लिया। डीसीपी पूर्वी सोमेंद्र मीणा के कार्यालय पर गुरुवार को दरोगा की कार बुलाई गई। कार का अंदर से वीडियो बनाया गया। वीडियो को वायरल रील से मैच किया गया। पुष्टि हुई कि इसी कार में रील बनी है। कार दरोगा नितिन बढ़ाना की थी। दरोगा ने अपने मौखिक बयान में बताया कि उसकी कार अक्तूबर के आखिरी सप्ताह में शमसाबाद थाने में तैनात दो सिपाही लेकर गए थे। दोनों कारखास हैं। सिपाहियों ने उससे कहा था कि थाना प्रभारी के घर एक बैग देने जाना है। उसने अपनी कार उन्हें दे दी थी।
इधर पूरे प्रकरण की जांच एसीपी फतेहाबाद आनंद कुमार पांडेय को दी गई है। जांच इस बात की चल रही है कि रील किसने बनाई। गाड़ी में बिखरी नोटों की गड्डियां किसकी थीं। दरोगा आरोप लगा रहा है कि उसकी कार लेकर गए कारखासों ने रील बनाई थी। इधर बैग पूरे कस्बे में चर्चा का विषय बन गया। जितने मुंह लोग उतनी बातें करने लगे। बैग में क्या था इसे लेकर भी पुलिस वालों ने दावे किए मगर किसी के पास कोई प्रमाण नहीं था। जांच में यह साफ होगा कि रील किसने बनाई। गाड़ी में बिखरी नोटों की गड्डियां किसकी थीं। पुलिस कर्मी के पास यह रकम कहां से आई।
जांच में मिलेंगे इन सवालों के जवाब–
-कारखास किस दिन दरोगा की कार मांगकर ले गए थे। कार से कहां गए थे।
-किसकी आईडी से रील इंस्टाग्राम पर अपलोड की गई थी। उसे थाने में तैनात किस पुलिस कर्मी ने कापी करके वायरल किया।
-बार-बार यह हल्ला क्यों मच रहा है कि बैग महत्वपूर्ण था। उसे लेकर कारखास गए थे। आखिर बैग में क्या था। एक बैग लेकर दो कारखास कार से एनसीआर क्यों गए।
-जिसने भी रील बनाई उसके पास नोट कहां से आए। क्या अपने बैंक खाते से निकाले थे।











