आगरा। भारतीय जनता युवा मोर्चा के ब्रज क्षेत्र मंत्री गौरव राजावत पर वक्फ की संपत्ति कब्जाने के लिए धमकी देने का आरोप लगा है। शाहगंज थाने में गौरव राजावत सहित चार लोगों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने, सांप्रदायिक माहौल खराब करने का प्रयास करने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है।
रूई की मंडी निवासी जुम्मा ने एडीजी जोन राजीव कृष्ण से शिकायत कि वक्फ संपत्ति जिसका नगर निगम नंबर 3/532 है, फजलन बी ने 22 दिसंबर 1947 में वक्फ अलल औलाद अनुबंधित की थी, जो कि सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड व नगर निगम के अभिलेखों में दर्ज है। हरीश नैनवानी अपने साथी भाजयुमो महामंत्री गौरव राजावत, राजू जैन और बब्बा उर्फ घनश्याम मूलानी के अलावा आठ से दस अज्ञात लोगों ने इमारत को खाली कराने के लिए धमकी दी। शाहगंज थाना पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।











