आगरा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को श्रीजैन मंदिर शौरीपुर, बटेश्वर में संगोष्ठी में शिरकत की। कार्यक्रम तीर्थंकर भगवान महावीर के 2050 वें मोक्ष कल्याणक श्रुवपंचमी के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। पर्यटन मंत्री ने कहा चंबल के बीहड़ में इकोटूरिज्म स्थापित किया जाएगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि बटेश्वर- शौरीपुर तीर्थ क्षेत्र को बड़ा पर्यटन क्षेत्र बनाने की योजना पर काम चल रहा है। नसीरपुर, शौरीपुर और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म स्थली बटेश्वर को मिलाकर यहां बड़ा तीर्थ स्थल बनाया जाएगा।
नसीरपुर के बीहड़ इलाके में इको टूरिज्म स्थापित किया जाएगा। इस क्षेत्र के लिए 75 करोड़ रुपए की योजनाएं स्वीकृत होने के बाद बटेश्वर मंदिर के घाटों से काम शुरू हो चुका है। ईको टूरिज्म की दिशा में भी जल्द कार्य प्रारंभ होगा। पर्यटन मंत्री ने भरोसा दिया कि पर्यटन क्षेत्र में योजनाओं के लिए जहां भी धन की जरूरत होगी, उसे पूरा किया जाएगा। चंबल लंबे समय तक दस्यु प्रभावित क्षेत्र रहा है। अब सरकार यहां लगातार कायाकल्प कर रही है। संगोष्ठी के समापन के बाद पर्यटन मंत्री बटेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे और यहां पूजा-अर्चना की।











