आगरा। गुरुवार को मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने एडीए व पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ शिल्पग्राम परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिल्पग्राम में पार्किंग, शौचालय, प्रकाश और बैठने की समुचित व्यवस्था ना होने पर कड़ी नाराजगी जताई। मूलभूत व्यवस्थाओं के अपग्रेडेशन के लिए कार्य योजना बनाने को लेकर पर्यटन विभाग को निर्देश दिए।
मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ताजमहल के पास स्थित शिल्पग्राम पार्किंग में पहुंची, जहां पर उन्होंने एप्रूव्ड टूरिस्ट गाइड, विभिन्न भाषाओं के गाइड की संख्या, महिला गाइड, उनके बैठने के स्थान व पर्यटकों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। गाइड की समस्याओं को भी सुना। इस दौरान यूपी टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक दान ने बताया कि गाइडों के बैठने के लिए तीन कैनोपी बनी थी। जो अब इस्तेमाल योग्य नहीं है। ऐसे में मंडलायुक्त ने 15 अगस्त तक गाइडों के बैठने की समुचित व्यवस्था कराने के एडीए को निर्देश दिया।
मंडलायुक्त ने शिल्पग्राम परिसर की व्यवस्थाओं को देखा और पर्यटन विभाग द्वारा प्रस्तावित विभिन्न प्रोजेक्ट और मल्टी लेवल पार्किंग का निरीक्षण किया। साथ ही प्रस्तावित पार्किंग की क्षमता में वृद्धि करने व कार्य में शीघ्रता लाने के कड़े निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने शिल्पग्राम परिसर में मौजूद महिला शौचालय में गंदगी और उचित प्रकाश की व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई। कहा कि इससे तो अच्छा रोड साइड का शौचालय होता है।
मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने पर्यटन विभाग व आगरा विकास प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर टूरिस्ट बस की सुविधा, हेलीपोर्ट, छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम और शिल्पग्राम परिसर में प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा करने के बाद उचित दिशा निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने बताया कि आगरा मथुरा में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे में यहां आने वाले पर्यटकों के लिए सभी मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा और जिस संबंध में उन्हें परेशानी आ रही है वे सभी परेशानियों को दूर करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।











