आगरा। एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के गायब चांदी कारीगर की हत्या की गई थी। शव को चंबल नदी में फेंक दिया गया था। पुलिस ने हत्या का खुलासा कर दिया है।
एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि जनवरी 2022 के पहले सप्ताह में काशीराम निवासी राशिद लापता था, उसके भाई राजा अब्बास ने 30 मार्च को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। राशिद नगला देव जीत निवासी शिवम राजपूत के यहां चांदी की पायल बनाने का काम करता था। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस चांदी कारीगर की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस को पता चला चांदी कारीगर की व्यापारी शिवम और उसके साथियों ने हत्या की है। पुलिस ने शिवम उसके दोस्त आशीष और नीरज से पूछताछ की तो उन्होंने हत्या की बात कबूल कर ली। शिवम ने पुलिस को बताया कि उसके कारखाने से लगातार चांदी चोरी हो रही थी। चोरी का शक राशिद पर होने के कारण उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर शव चंबल नदी में फेंक दिया था। पत्रकार वार्ता के दौरान सीओ छत्ता सुकन्या शर्मा और इंस्पेक्टर एत्माद्दौला सत्यदेव शर्मा भी मौजूद रहे।











